
तेलुगु देशम पार्टी (Telugu Desam Party) के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू (Chandrababu Naidu) को कथित भ्रष्टाचार के मामले में शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री (former chief minister) को सीआईडी ने सुबह करीब 6 बजे नंदयाला शहर के ज्ञानपुरम स्थित आर के फंक्शन हॉल से गिरफ्तार किया। कौशल विकास घोटाला मामले में एसआईटी और सीआईडी (SIT and CID) अधिकारियों ने चंद्रबाबू नायडू को गिरफ्तार कर लिया है। सीआईडी ने चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, जिसके तुरंत बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
नायडू को दिए गए नोटिस में सीआईडी की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) के पुलिस उपाधीक्षक एम. धनुंजयुडु ने कहा, “आपको सूचित किया जाता है कि आपको सुबह 6 बजे आर के फंक्शन हॉल, ज्ञानपुरम में गिरफ्तार किया गया है। नोटिस के अनुसार, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है, जिसमें धारा 120बी (आपराधिक साजिश), 420 (धोखाधड़ी और बेईमानी से संपत्ति की डिलीवरी के लिए प्रेरित करना) और 465 (जालसाजी) शामिल हैं। आंध्र प्रदेश सीआईडी ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम भी लगाया है।