राजधानी दिल्ली में बाढ़ का खतरा

दिल्ली सरकार (Delhi Government) ने बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली की केजरीवाल सरकार (Kejriwal government) ने इसके लिए हरियाणा को जिम्मेदार ठहराया है। केजरीवाल सरकार का कहना है कि हरियाणा सरकार के हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में 1 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली में बाढ़ आ सकती है। केजरीवाल सरकार ने बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली प्रशासन का कहना है कि मंगलवार तक यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर जाएगा, जिसके चलते यमुना किनारे रहने वाले लोगों के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है।

यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। दिल्ली के पुराने लोहे के पुल के पास यमुना खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के मुताबिक, रविवार दोपहर एक बजे यमुना का जल स्तर 203.18 मीटर था और चेतावनी स्तर 204.5 मीटर है, जो मंगलवार को 205.33 मीटर को पार कर जाएगा। इससे राजधानी दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।