
राजधानी दिल्ली (Capital Delhi) के साकेत कोर्ट (Saket Court) में शुक्रवार को एक महिला को गोली मार दी गई। इस घटना से कोर्ट परिसर (Court Complex) में हड़कंप मच गया। कहा जा रहा है कि महिला को गोली मारने वाले वकील के वेश में थे। हमलावारों ने महिला को चार गोलियां मारी। फायरिंग की इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। उन्हें गंभीर हालत में दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायरिंग के बाद साकेत कोर्ट में सुरक्षा कड़ी कर दी गई। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष ने महिला को अपनी गाडी से अस्पताल पहुँचाया। हालाँकि हमलावरों ने महिला को गोली क्यों मारी, यह जांच का विषय है। फिलहाल डॉक्टर महिला को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने महिला को चार गोलियाँ मारी जो उसके पेट व अन्य हिस्सों में लगीं। मौके पर मौजूद दिल्ली पुलिस के एक एसएचओ महिला को जीप से एम्स ले गए, जहाँ उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। आरोपी की पहचान भी हो गई है जो एक हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि महिला और इस व्यक्ति के बीच पैसों को लेकर पुराना विवाद था।