पश्चिम बंगाल में टीएमसी के दो गुटों के बीच गोलीबारी

पश्चिम बंगाल (West Bengal) के पश्चिम बर्धवान जिले (West Burdwan District) में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (Ruling Trinamool Congress) के दो गुटों के बीच गोली चलने की खबर है। इस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी है। बुधवार रात को खशकोजोवाड़ा कोयला खदान इलाके में कोयले पर कब्जे को लेकर दो गुटों में झड़प हो गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, धर्मबीर नोनिया नामक व्यक्ति को प्रतिद्वंद्वी समूह के बदमाशों ने मार डाला। गोलीबारी के दौरान घायल हुए दो अन्य लोगों को दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों में आक्रोश है। गुस्साए लोगों ने अंडाल पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन भी किया।