झारखंड के पश्चिम सिंहभूम में तेज विस्फोट, दो जवान शहीद

झारखंड (Jharkhand) के पश्चिमी सिंहभूम जिले (West Singhbhum District) के टोकलो थाना क्षेत्र स्थित लांजी जंगल (Lanji Jungle) में नक्सलियों ने आज सुबह इम्प्राेवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) ब्लास्ट कर दिया। इस विस्फोट की चपेट में आने से झारखंड जगुआर (Jharkhand Jaguar) के दो जवान शहीद हो गए। जबकि तीन जवान जख्मी हो गए। घायलों को एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया जा रहा है। नक्सलियों ने यह धमाका तब किया जब जिला पुलिस और सीआरपीएफ (CRPF) के जवान सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की भी सूचना है।

शहीद जवानों में हरद्वार शाह और किरण सुरीन शामिल है। हरद्वार पलामू और किरण सिमडेगा के रहने वाले थे। जबकि घायलों में देवेंद्र कुमार पंडित, दीप टोपनो और निक्कू उरांव शामिल है। जवान सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान लांजी जंगल की ओर पहुंचे थे। इसी दौरान नक्सलियों ने आइईडी ब्लास्ट कर दिया।