उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बेडरूम में फंदे से लटकी मिली फैशन डिजाइनर की लाश

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुरादाबाद (Moradabad) में शुक्रवार को एक 25 वर्षीय फैशन डिजाइनर (fashion designer) का शव कमरे में लटका मिला। होली के दिन मुस्कान मुंबई से घर आई थी। तब से वापस नहीं गई। पिता ने कहा- घर लौटने के बाद से वह काफी परेशान थी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामले की जाँच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट अभी तक नहीं मिला है। मामला सिविल लाइंस इलाके का है। पिता चंद्र प्रकाश नारंग ने बताया, ”शुक्रवार सुबह 8 बजे तक बेटी अपने बेडरूम से बाहर नहीं निकली। इसके बाद मैंने उसे आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। उसका कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से झांककर देखा गया, तो मुस्कान का शव अंदर पंखे पर फंदे से लटक रहा था। पता नहीं क्या हुआ, जो उसने इस तरह का कदम उठा लिया?

इससे परिवार में कोहराम मच गया। कुछ ही देर में मोहल्ले के लोग भी जमा हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर धक्का देकर दरवाजा तोड़ा। इसके बाद शव को फंदे से नीचे उतरा गया। जांच के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। चंद्रप्रकाश नारंग अपने परिवार के साथ रामगंगा विहार चौकी क्षेत्र के नवीन नगर कॉलोनी में रहते हैं। वह व्यापारी हैं। नारंग की 3 बेटियाँ और एक बेटा है। मुस्कान उनमें सबसे बड़ी थी। वह मुंबई की एक कंपनी में फैशन डिजाइनर थीं। पिता ने बताया कि वह यहां आने के बाद से ही परेशान थी। उसको क्या परेशानी है? इस बारे में उसने कुछ नहीं बताया।