
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में बिजली कर्मचारियों (Electrical Workers) ने गुरुवार (16 मार्च 2023) की रात से 72 घंटे की हड़ताल शुरू कर दी है। विद्युत कर्मियों द्वारा जगह-जगह धरना व नारेबाजी की गई। दूसरी ओर सरकार ने इस मुद्दे पर सख्त रुख दिखाया है।
राज्य सरकार और प्रदर्शनकारी उत्तर प्रदेश बिजली विभाग के कर्मचारियों के बीच बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकलने पर कर्मचारी गुरुवार रात 10 बजे से 72 घंटे की हड़ताल पर चले गए। अनपरा, ओबरा, पारीछा और हरदुआगंज में थर्मल पावर हाउसों में नाइट शिफ्ट के कर्मचारी, जूनियर इंजीनियर और इंजीनियर हड़ताल पर चले गए हैं और उन्होंने ड्यूटी पर रिपोर्ट करने से इनकार कर दिया है। 72 घंटे का धरना कल रात करीब 10 बजे शुरू किया गया। कर्मचारियों ने पदोन्नति, पेंशन और अन्य मुद्दों पर गड़बड़ी का आरोप लगाया।