मोरक्को में भूकंप ने मचाई तबाही

अफ्रीकी देश (african country) मोरक्को (Morocco) में सुबह-सुबह आए भूकंप (Earthquake) ने भारी तबाही मचाई है। यहाँ भूकंप के कारण कई इमारतें ढह गईं, जिसमें 600 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 329 लोग घायल हो गए हैं। भूकंप की तीव्रता 6.8 बताई जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। भूकंप का केंद्र मोरक्को के मराकेश शहर से करीब 70 किलोमीटर दूर था। भूकंप इतना तेज था कि इसका असर मराकेश से करीब 350 किलोमीटर दूर राजधानी रबात में भी महसूस किया गया।

मोरक्को के आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता रशीद अल खलफी ने बताया कि कुछ जगहों पर भूकंप की तीव्रता 7 तक थी। इसका केंद्र अल हौज प्रांत के इघिल में था। भारतीय समय अनुसार भूकंप सुबह के 3.41 बजे आया। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, यह उत्तरी अफ्रीका में 120 वर्षों में सबसे शक्तिशाली भूकंप है। यूएसजीएस ने कहा कि 1900 के बाद से इस क्षेत्र के 500 किमी क्षेत्र में एम6 स्तर या इससे बड़ा कोई भूकंप नहीं आया है। यहां एम-5 लेवल के सिर्फ 9 भूकंप रिकॉर्ड किए गए हैं।