दिवाली पर्व पर आज अयोध्या में भव्य दीपोत्सव

दिवाली का त्यौहार आ गया है (Diwali Festival)। इस पर्व पर आज रात अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा (Deepotsava in Ayodhya)। सरयू नदी के किनारे 5 लाख 51 हजार दीये जलाए जाएंगे। इसके साथ ही आज एक बार फिर से अयोध्या में दीपोत्सव का विश्व रिकॉर्ड बनाया जाएगा। इसके लिए खास तैयारियां की गई हैं। पूरी अयोध्‍या नगरी को दुल्‍‍‍‍हन की तरह सजाया गया है। इसमें शामिल होने के लिए देश भर से लोग आ रहे हैं।

आज अयोध्या में बहुत से कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है-

– सबसे पहले भगवान राम के जीवन पर आधारित ग्यारह रथों की भव्य शोभी यात्रा निकाली जाएगी। इन रथों पर भगवान राम के जीवन पर आधारित अलग-अलग तरह की झांकिया निकाली जाएंगी।

– दोपहर को यूपी के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी अयोध्या पहुंचेंगे। इसके बाद वे राम जन्मभूमि स्थल पर जाएंगे, जहां रामलला के दर्शन कर दीप प्रज्वलित करेंगे। यहां 11 हजार दिये भी जलाए जाएंगे।

– शाम को यूपी के सीएम तथा राज्यपाल राम कथा पार्क में जाएंगे। वहां भगवान राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान को हेलिकाप्टर से लाया जाएगा। फिर भरत मिलाप और राजगद्दी का कार्यक्रम होगा। इसके बाद सबकी आरती उतारी जाएगी।

– राम कथा पार्क से सीएम योगी सरयू घाट पर जाएंगे, जहां वे सरयू आरती में शामिल होंगे। इसके बाद दीपोत्सव का भव्य कार्यक्रम शुरू हो जाएगा।