औरंगाबाद में छठ पूजा के लिए प्रसाद बनाते समय सिलेंडर ब्लास्ट, 30 लोग घायल

बिहार (BIHAR) के औरंगाबाद (Aurangabad) में छठ पूजा (Chhath Puja) के लिए प्रसाद बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर फट गया। जिसमें 7 पुलिस कर्मियों समेत 30 लोग घायल हो गए। घायलों में 10 की हालत नाजुक है। जानकारी के मुताबिक हादसा शुक्रवार रात 2.30 बजे हुआ। नगर थाना क्षेत्र के साहेबगंज मोहल्ले के वार्ड नंबर 24 स्थित अनिल गोस्वामी के घर में छठ पूजा चल रही थी। परिवार के सभी सदस्य प्रसाद बनाने में लगे हुए थे। तभी अचानक गैस लीक होने से आग लग गई। इसके बाद मोहल्ले में भगदड़ मच गई। मोहल्ले के लोगों ने आग बुझाना शुरू कर दिया। इस दौरान पेट्रोलिंग पुलिस की टीम भी वहाँ पहुँच गई। पुलिस कर्मियों ने आग बुझाने के लिए जैसे ही सिलेंडर पर पानी डाला, उसमें विस्फोट हो गया।

घर के मालिक अनिल गोस्वामी ने बताया कि रात में हम लोग छत पर थे। मेरी पत्नी छठ पूजा का प्रसाद बना रही थी। हल्ला हुआ कि गैस लीकेज हो रही है। हम जैसे ही नीचे आए तो तब तक आग लग चुकी थी। थोड़ी देर में सिलेंडर में तेज धमाका हो गया।