गुजरात के तट से टकराया तूफान बिपरजॉय, 2 की मौत

बिपरजॉय तूफान (biperjoy storm) के जखौ तट से टकराने के बाद गुजरात (Gujarat) में भारी नुकसान हुआ है। इसका असर कच्छ-सौराष्ट्र (Kutch-Saurashtra) के 8 जिलों में रहा। अपने पीछे भारी तबाही छोड़ गया है। कई जगहों पर पेड़ और खंभे गिर गए। तूफान से भावनगर में दो लोगों की मौत हो गई। 22 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

गुजरात में अभी भी चक्रवात का असर दिखाई दे रहा है। कच्छ में मांडवी, नलिया, नारायण सरोवर, जाखौ बंदर, मुंद्रा और गांधीधाम, अहमदाबाद में राज्य भर में भारी बारिश हो रही है। 90 से 125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। पूरे मांडवी में 18 घंटे से बिजली नहीं है। इससे लोग परेशान हैं। कच्छ में पिछले 24 घंटों में 2 से 7 इंच बारिश हुई है।

चक्रवात बिपरजॉय गुरुवार शाम साढ़े छह बजे कच्छ के जखौ तट से टकराया था। लैंडफॉल आधी रात तक चला। इस दौरान हवा की गति 115 से 125 किमी प्रति घंटा रही। इससे पहले कच्छ, द्वारका, पोरबंदर, जामनगर, राजकोट, जूनागढ़ और मोरबी सहित तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। अब यह उत्तर-दक्षिण राजस्थान की ओर बढ़ रहा है।