चंद्रयान-2 ने ली चंद्रयान-3 की तस्वीरें

भारत के चंद्र मिशन चंद्रयान-3 (Lunar Mission Chandrayaan-3) की ऐतिहासिक सफलता के बाद भारत अंतरिक्ष की दौड़ में अन्य देशों से बेहतर हो गया है। पूरे मिशन के दौरान, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) लगातार सटीक अपडेट देता रहा है। इस बीच शुक्रवार को भी इसरो के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से चंद्रयान-3 की दो तस्वीरें शेयर की गईं। इसरो ने बताया कि ये तस्वीरें चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर द्वारा ली गई हैं।

दिलचस्प बात यह है कि इसरों द्वारा साझा की गई तस्वीरों में चंद्रयान-3 का लैंडर चंद्रमा की सतह पर दिखाई दे रहा है।इसरो ने फोटो साझा करते हुए लिखा कि ‘आइ स्पाई ऑन यू’। चंद्रयान-3 की ये तस्वीरें चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर में लगे हाई रेजोल्यूशन कैमरे से ली गईं। भारत का चंद्र मिशन चंद्रयान-2 2019 में लॉन्च किया गया था, जो चंद्रमा पर लैंडिंग के कुछ मिनट पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। लेकिन, इसका ऑर्बिटर अभी भी चंद्रमा की कक्षा में चक्कर लगा रहा है।