सप्ताह भर पहले दिल्ली में मानसून के दस्तक की संभावना

मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव आने के बाद देश में मानसून (Monsoon) कदम रख चुका है और अब हो सकता है कि यह राजधानी दिल्ली (Delhi) में एक सप्ताह पहले ही दस्तक दे दे। इस बार पूर्व-मानसून और मानसून की बारिश लगभग एक ही रह सकती है। दिल्ली में मानसून आने की तिथि 29 जून है। लेकिन आमतौर पर मानसून सप्ताह भर लेट ही हो जाता है। मगर इस बार सर्दी-गर्मी का रिकॉर्ड टूटने के बाद हो सकता है मानसून भी एक नया रिकॉर्ड बना दे। मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक, 19-20 जून तक बंगाल और आसपास के राज्यों से चक्रवाती हवा दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक पहुंचेगी, जिससे 22-24 जून तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के कुछ इलाकों, उत्तर पूर्वी राजस्थान और पूर्वी हरियाणा में मानसून आने की संभावना है। मौसम विभाग को इस वर्ष देश के उत्तर पश्चिमी हिस्से में सामान्य बारिश (103 फीसद) होने की उम्मीद है। दिल्ली में 19 जून को गर्मी बरकरार रहेगी। फिर भी इसके बावजूद राहत मिलने की आशंका है।