
आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के पश्चिमी गोदावरी जिले (West Godavari District) में आज एक सड़क हादसा हो गया। जहाँ राज्य सड़क परिवहन निगम (State Road Transport Corporation) की एक बस पलटकर नहर में गिर गई। इस हादसे में 5 महिलाओं सहित कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है। बस अश्वराओपेटा से जंगारेड्डीगुडेम जा रही थी, इसी दौरान जलेरू वागू नहर में गिर गई।
जानकारी के मुताबिक इस बस में 47 यात्री सवार थे। मरने वालों में ड्राइवर भी शामिल है। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन (Biswa Bhushan Harichandan) ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने जिला अधिकारियों को घायल लोगों को तत्काल सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। वहीं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी (Jagan Mohan Reddy) ने बस हादसे को लेकर दुख जताया है। इसके साथ ही उन्होंने मामले की जाँच करने का आदेश दिए हैं। सीएम रेड्डी ने राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।