अरुणाचल प्रदेश में हिमस्खलन में मिले सात जवानों के शव

अरुणाचल प्रदेश (Arunachal Pradesh) के कामेंग सेक्टर में ऊंचाई पर स्थित इलाके में हिमस्खलन (Avalanche) में फंसे 7 भारतीय जवानों (Army Personnel) की मौत हो गई है। इस बात की पुष्टि भारतीय सेना (Indian Army) ने की है। सेना ने जानकारी देते हुए बताया है कि सातों जवानों के शव हिमस्खलन स्थल से निकाल लिए गए हैं। दरअसल 6 फरवरी को कामेंग सेक्टर में ऊंचाई पर स्थित इलाके में हिमस्खलन होने से उसमें भारतीय सेना के कम से कम सात कर्मियों के फंसने की खबर थी। बाद में उनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया था।

बर्फीले तूफान में मारे गए जवानों की पहचान भी कर ली गई है। इन 7 जवानों के नाम हवलदार जुगल किशोर, आरएफएन अरुण कट्टल, आरएफएन अक्षय पठानिया, आरएफएन विशाल शर्मा, आरएफएन राकेश सिंह, आरएफएन अंकेश भारद्वाज और जीएनआर गुरबाज सिंह है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अरुणाचल प्रदेश में हिमस्खलन में हुई सैनिकों की मौत पर शोक जताते हुए मंगलवार को कहा कि इस दुख को लफ्जों में बयां नहीं किया जा सकता है।