
भारत और ऑस्ट्रेलिया (India and Australia) के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मैच खेला गया। यह मैच गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेला गया। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मैथ्यू वेड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 222 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी गेंद पर स्कोर चेज किया।
ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे टी20 में भारत को पांच विकेट से हरा दिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 222 रन बनाए। ऋतुराज गायकवाड़ ने 57 गेंद में 123 रन की पारी खेली। जवाब में भारतीय टीम को आखिरी ओवर में 21 रन बचाने थे। प्रसिद्ध कृष्णा गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन टीम इंडिया इस रन को नहीं बचा सकी। मैक्सवेल और वेड ने इतने रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाई।
आखिरी ओवर की पहली गेंद पर वेड ने चौका लगाया। फिर दूसरी गेंद पर एक रन आया। इसके बाद तीसरी गेंद पर मैक्सवेल ने छक्का जड़ दिया। फिर चौथी गेंद पर चौका लगाया। पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर मैक्सवेल ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना चौथा शतक पूरा किया। उन्होंने 47 गेंद में शतक लगाया। आखिरी गेंद पर ऑस्ट्रेलिया को दो रन की दरकार थी और मैक्सवेल ने चौका लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। मैक्सवेल 48 गेंद पर 104 रन बनाकर नाबाद रहे। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में वापसी की है। भारत अब भी सीरीज में 2-1 से आगे है। सीरीज का चौथा मैच एक दिसंबर को रायपुर (Raipur) में खेला जाएगा।