
देशभर से बाबा बर्फानी (baba barfani) के दर्शन करने वाले भक्तों का इंतजार खत्म हो गया है। अमरनाथ (Amarnath) यात्रियों का पहला जत्था शुक्रवार सुबह करीब सवा चार बजे जम्मू से बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा के लिए रवाना हुआ। शुक्रवार सुबह 4:30 बजे उप राज्यपाल और अमरनाथ श्राइन बोर्ड (Amarnath Shrine Board) के अध्यक्ष मनोज सिन्हा (Manoj Sinha) ने अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्री अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था जम्मू के भवगती नगर स्थित यात्री निवास से कश्मीर के लिए रवाना हो गया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान हर कोई पूरी तरह से भोले के रंग में रंगा नजर आया। हर-हर महादेव, जय बाबा बफार्नी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। भक्तों ने भोले के जयकारे लगाते हुए अपनी पवित्र यात्रा शुरु की। पहले जत्था शुक्रवार देर शाम तक कश्मीर में यात्रा के आधार शिविर बालटाल (गांदरबल) और पहलगाम के नुनवन (अनंतनाग) पहुंचने की उम्मीद है।