उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में एक तेंदुए ने ली बच्चे की जान

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बलरामपुर (Balrampur) में एक 9 साल के बच्चा का शव बरामद किया गया है। यह वही बच्चा है जिसे कथित तौर पर तेंदुआ जंगल में घसीटकर ले गया था। उसका शव सोहेलवा वन रेंज के धर्मपुर गांव के पास से बरामद किया गया है। वन अधिकारी एमबी सिंह ने बताया कि शरीफ़ नाम का यह बच्चा सोमवार को बकरियां चराकर गांव लौट रहा था तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे जंगल में ले गया। उन्होंने बताया कि उसका शव गांव के पास झाड़ी में मिला है।

जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने का प्रयास जारी हैं और वन विभाग को पहले ही इसे पकड़ने का निर्देश दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। आपको बता दें कि पिछले महीने से अब तक इस इलाके में तेंदुए के हमले में छह बच्चों की मौत हो चुकी है, जिसके बाद से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।