राजस्थान में नागौर में एक कार ने 8 लोगों को कुचला

राजस्थान (Rajasthan) में नागौर के डेगाना में विश्वकर्मा जयंती की शोभा यात्रा में बड़ा हादसा हो गया। शोभायात्रा में चल रही एक बोलेरो कार के ड्राइवर को दिल का दौरा पड़ा और कार नियंत्रण से बाहर हो गई। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते 8 लोग इस वाहन की चपेट में आ गए। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां एक व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाकि सात लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि इनमें से तीन लोगों की हालत गंभीर है। बाकि चार लोगों को मामूली चोटें आई है। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक शोभायात्रा का जुलूस आगे आगे चल रहा था। यह गाड़ी भी इसी जुलूस में शामिल थी और जुलूस के पीछे धीरे-धीरे चल रही थी। अचानक ऐसा लगा मानो कार का एक्सिलेटर जोर से दबा गया हो। इसके बाद गाड़ी आगे चल रहे लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ने लगी।