जवाहर लाल नेहरू – एक महान लेखक

भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू थे, जिन्हें प्यार से बच्चे चाचा नेहरू भी कहकर बुलाते हैं। उनका जन्म 14 नवंबर 1889 को इलाहाबाद में हुआ था। गुरूवार को उनकी 130वीं जयंती थी। नेहरू अगर प्रधानमंत्री न होते, तो भी पूरा संसार उन्हें एक महान लेखक के रूप में जरूर याद रखता। एक ऐसा लेखक, जिन्होंने इतिहास की दृष्टि से इस देश को सांस्कृतिक रूप से समृद्ध किया। भारत के इतिहास में पंडित नेहरू के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वह बेहद नामी व स्थापित वकील पंडित मोतीलाल नेहरू के इकलौते पुत्र थे। बड़ी डिग्रियाँ हासिल करने के बावजूद उन्होंने वकालत छोड़ देश की आजादी के आंदोलन की राह पकड़ी। उनकी रचनाओं में ‘भारत एक खोज’, ‘ग्लिम्प्स ऑफ वर्ल्ड हिस्ट्री’ शामिल हैं। ‘द डिस्कवरी ऑफ इंडिया’ को उन्होंने अपने कारावास के दौरान अहमद नगर जेल में 1944 में लिखा था। यह किताब देश के समृद्ध इतिहास, दर्शन और संस्कृति का दर्पण है। इस किताब की रचना के साथ ही नेहरू भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक के साथ-साथ विश्व के महानतम लेखकों की श्रेणी में गिने जाने लगे। उन्होंने हमेशा इस बात पर जोर दिया और कहा कि हमारा अतीत हमारे भविष्य का पथ प्रदर्शक होता है।