आज अरविंद केजरीवाल हो सकते हैं गिरफ्तार

आज सुबह से ही दिल्ली (Delhi) के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Chief Minister Arvind Kejriwal) के आधिकारिक आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ता भी जुटने लगे हैं। आप ने कल ही दावा किया था कि आज प्रवर्तन निदेशालय (ED) अरविंद केजरीवाल के घर पर छापेमारी कर सकती है और उन्हें गिरफ्तार भी किया जा सकता है। केजरीवाल की गिरफ्तारी के डर से पार्टी में खलबली मची हुई है। दिल्ली में सुबह से ही हलचल देखी जा रही है। ईडी के तीन समन के बावजूद अरविंद केजरीवाल पेश नहीं हुए और समन को ही अवैध करार बता दिया था।

आम आदमी पार्टी का लगातार कहना है कि जब दिल्ली आबकारी नीति मामले में अरविंद केजरीवाल आरोपी या गवाह नहीं हैं तो फिर उनसे पूछताछ क्यों होने चाहिए। आपको बता दें कि इस मामले में आप नेता मनीष सिसोदिया (AAP leader Manish Sisodia) और संजय सिंह (Sanjay Singh) जेल में हैं। इन दोनों को जमानत नहीं मिल पा रही है। आप का कहना है कि लोकसभा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर प्रचार करने से रोकने की साजिश रची जा रही है।