लोकसभा की सुरक्षा में हुई बड़ी चूक

संसद (Parliament) पर हमले की बरसी के दिन ही वहां सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दो लोग दर्शक दीर्घा से नीचे कूद गए। सांसदों ने दोनों शख्स को घेर लिया। लोकसभा की सुरक्षा में लगे मार्शल भी तुरंत दौड़ पड़े और दोनों को पकड़ लिया।

यह घटना बुधवार दोपहर 1 बजे की है। लोकसभा में पीठासीन अधिकारी राजेंद्र अग्रवाल शून्य काल की कार्यवाही को संचालित कर रहे थे। मालदा नॉर्थ से बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू अपने विचार रख रहे थे। तभी दो शख्स दर्शक दीर्घा से नीचे कूद पड़े।

नीली जैकेट पहने एक युवक सांसदों की सीट पर कूदने लगा। वह लगभग तीन कतार लांघकर आसन की तरफ जाने लगा। अफरा-तफरी के माहौल के बीच कुछ सांसदों ने साहस दिखाया और उसे घेर लिया। मार्शल भी दौड़ते हुए आए। तभी युवक ने जूते के अंदर से कोई पदार्थ निकाल लिया। इसके बाद वहाँ पीला धुआँ उठने लगा। बाद में सांसद और मार्शलों ने मिलकर दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद पीठासीन अधिकारी ने कार्यवाही स्थगित कर दी।