आज लखनऊ में होगा सहारा समूह के प्रमुख सुब्रत रॉय का अंतिम संस्कार

सहारा समूह के प्रमुख सुब्रत रॉय (Sahara Group chief Subrata Roy) का मंगलवार, 14 नवंबर की देर रात 10.30 बजे निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। सहारा समूह ने एक बायन जारी कर कहा कि वह हाइपर टेंशन और डायबिटीज़ जैसी बीमारियों से जूझ रहे थे और कार्डियक अरेस्ट के कारण उनका निधन हुआ। जानकारी के मुताबिक, 12 नवंबर को स्वास्थ्य ख़राब होने के चलते उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल (Kokilaben Dhirubhai Ambani Hospital) में भर्ती करवाया गया था। बुधवार को उनका शव लखनऊ के सहारा शहर लाया गया, जहाँ उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी गई।

सहारा समूह के प्रमुख सुब्रत रॉय का अंतिम संस्कार गुरुवार को लखनऊ के भैंसाकुंड में होगा। बुधवार को उनका पार्थिव शरीर मुंबई से लखनऊ लाया गया और अंतिम दर्शन के लिए सहारा शहर में रखा गया। रॉय के अंतिम दर्शन के लिए आम लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में वीआईपी भी पहुंचे। देर रात तक लोगों की कतार लगी रही।