झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश कैलाश प्रसाद देव का निधन

झारखंड हाई कोर्ट (Jharkhand High Court) के न्यायाधीश कैलाश प्रसाद देव (Judge Kailash Prasad Dev) का आज सुबह 5:20 बजे रांची के मेडिका अस्पताल में इलाज के दौरान अचानक निधन हो गया। साल 2018 में उन्होंने न्यायाधीश पद पर योगदान दिया था। इससे पहले उन्होंने बार काउंसिल के सदस्य के तौर पर भी अहम भूमिका निभाई थी। न्यायमूर्ति कैलाश देव का पार्थिव शरीर मेडिका अस्पताल से उनके डोरंडा नेपाल हाउस आवास पर रखा गया है, जहां लोग उन्हें अंतिम विदाई दे रहे है।

झारखंड हाई कोर्ट के न्यायाधीश कैलाश प्रसाद देव के असामयिक निधन पर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन (Governor CP Radhakrishnan) और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Chief Minister Hemant Soren) ने दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने अपने शोक संदेव में कहा कि जस्टिस कैलाश प्रसाद देव का असामयिक निधन अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। उनका निधन न्यायिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को दुःख की इस कठिन घड़ी को सहन करने की शक्ति दें।