
हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब (Paonta Sahib) में बीती रात बादल फट (cloud burst) गया, जिसके कारण सिरमौरी ताल गांव (Sirmauri Tal Village) में अचानक आई बाढ़ से एक मकान ढह गया। इसकी चपेट में एक ही परिवार के 5 लोग आ गए। पांचों लोग अभी भी लापता हैं। इनमें 8 और 10 साल के दो बच्चे भी शामिल है। स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचकर बचाव में जुटा हुआ है।लेकिन बाढ़ के बाद भारी मात्रा में मलबा होने के कारण राहत और बचाव कार्य में मुश्किल हो रही है। इस घटना में गांव के 3 अन्य लोगों के घर भी क्षतिग्रस्त हो गए है। यह घटना बीती रात 8.30 बजे की बताई जा रही है। इसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने पूरी रात दहशत में गुजारी। बताया जा रहा है कि बादल मालगी के जंगल में फटा। इसके बाद सिरमौरीताल गाँव में बाढ़ से तबाही मची है। ग्रामीणों की उपजाऊ जमीन भी बह गई है।
सिरमौरीताल गांव में बादल फटने के बाद से कुलदीप सिंह (62) पुत्र संतराम, जीतो देवी (55) पत्नी कुलदीप, रजनी देवी (31) पत्नी विनोद कुमार, नितेश (10) पुत्र विनोद और दीपिका (8) पुत्री विनोद कुमार लापता है। मूसलाधार बारिश के बाद सारा मलबा पांवटा साहिब शिलाई रोड़ पर आ गया। इससे राजबन से सतौन तक राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है।