बिहार के बेगूसराय में दलित नाबालिग लड़की को निर्वस्त्र कर पीटा

मणिपुर (Manipur) के बाद बिहार (Bihar) के बेगूसराय (Begusarai) में भी शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक दलित नाबालिग लड़की (Minor girl) को निर्वस्त्र कर पीटा गया। इस दौरान पीड़िता गिड़गिड़ाती रही, लेकिन आरोपी नहीं माने। इस घटना का वीडियो सामने आया तो हंगामा मच गया। लड़की के बायान के आधार पर वायरल वीडियो में दिख रहे चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस ने लड़की से रेप करने वाले सिंगर को गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि घटना के मुख्य आरोपी किशनदेव चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। चार लोगों को आरोपी बनाया गया है। लड़की के बयान के आधार पर रेप, पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी, मारपीट और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। तेघड़ा डीएसपी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।