राजस्थान (Rajasthan) के जोधपुर (Jodhpur) में सामूहिक हत्याकांड (mass murder) की घटना सामने आई है। यहाँ 6 महीने के बच्चे समेत एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या कर उन्हें जला दिया गया। आरोपियों ने पूरे परिवार को सोते समय मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसे घसीटकर आंगन में ले गए और आग लगा दी। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी ग्रामीण धर्मेंद्र सिंह यादव मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना जोधपुर के ओसियां उपखंड के चेराई गाँव की है। यहां बीती रात जब एक परिवार सो रहा था, उसी वक्त कुछ आरोपियों ने घर में घुसकर चार लोगों की हत्या कर दी। इनमें एक छह माह की बच्ची भी शामिल है। हत्या के बाद आरोपियों ने शवों को घसीटकर आंगन में ले जाकर आग लगा दी। इसके बाद सुबह गांव के लोगों ने घर से धुआं उठता देखा। लोगों ने जाकर देखा तो चीख निकल पड़ी। आंगन में चार लाशें जली हुई पड़ी थीं। लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर एसपी ग्रामीण धर्मेंद्र सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। वहीं फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।