
राजधानी दिल्ली (Capital Delhi) से श्रद्धा वालकर (shraddha walker) की तरह एक और हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने फ्रिज से एक लड़की की लाश बरामद की है और आरोपी लड़के को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है। आरोपी की पहचान साहिल गहलोत के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ (Najafgarh) में एक ढाबे के फ्रीजर के अंदर एक 25 वर्षीय महिला का शव मिला है। पुलिस ने बताया कि महिला की दो-तीन दिन पहले हत्या कर दी गई थी और उसके शव को ढाबे के फ्रीजर के अंदर रखा गया था। ढाबा मालिक साहिल गहलोत को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, महिला दिल्ली के उत्तम नगर की रहने वाली थी। शक के आधार पर ढाबा मालिक साहिल गहलोत को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि गहलोत और महिला के बीच संबंध थे। गहलोत दूसरी महिला से शादी करने वाला था, जब उसकी प्रेमिका को इसके बारे में पता चला तो उसने इसका विरोध किया और उससे शादी करने के लिए कहा। इससे गुस्साए गहलोत ने उसकी हत्या कर दी और शव को अपने ढाबे के फ्रीजर में छिपा दिया।