
महाराष्ट्र (Maharashtra) के नासिक (Nashik) में शुक्रवार सुबह (13 जनवरी 2023) एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नासिक-सिन्नार मार्ग पर एक निजी लग्जरी बस ट्रक से टकरा गई, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार बस में सवार सभी यात्री साईं बाबा के दर्शन करने शिरडी (Shirdi) जा रहे थे। मृतकों में 7 महिलाएँ और 3 पुरुष शामिल हैं। घायल लोगों को सिन्नार के ग्रामीण अस्पताल और यशवंत अस्पताल (Yashwant Hospital) में भर्ती कराया गया है, इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस ने बताया कि बस में सवार यात्री ठाणे जिले के अंबरनाथ के रहने वाले थे और साईं बाबा के दर्शन करने शिरडी जा रहे थे। यह दुर्घटना मुंबई से करीब 180 किलोमीटर दूर नासिक की सिन्नार तहसील में पठारे शिवर के पास सुबह करीब सात बजे हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।