
भारतीय किसान संघ (BKS) की किसान गर्जना रैली में शामिल होने के लिए देश भर से हजारों किसान दिल्ली के रामलीला मैदान (Ram Leela Ground) पहुंचे। किसानों का यह संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ा है। भारतीय किसान संघ का यह प्रदर्शन कई मांगों को लेकर है। जैसे कि सभी कृषि उपज को जीएसटी (GST) मुक्त किया जाए और खेती की बढ़ी हुई लागत के अनुपात में पीएम किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाई जाए।
आपको बता दें कि दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘किसान गर्जना रैली’ के बावजूद दिल्ली पुलिस ने किसी रूट को बंद नहीं किया। सड़क पर ट्रैफिक सामान्य स्थिति में रोजाना की तरह चला। वहीं, रामलीला मैदान में किसानों की रैली को देखते हुए दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर चेकिंग के चलते ट्रैफिक जाम देखा गया। भारतीय किसान संघ ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में हो रही रैली में 560 जिलों की 60,000 ग्राम समितियों के लगभग 1 लाख किसान रामलीला मैदान में एकत्रित हुए हैं। ये सभी किसान अपने-अपने साधन से आए हैं। खाने-पीने का खर्च ख़ुद कर रहे हैं। शाम 4 बजे तक यह रैली होगी।