
आज पूरे देश में डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर (Dr. Bhimrao Ambedkar) की पुण्यतिथि मनाई जा रही हैं। उन्हें भारतीय संविधान का निर्माता कहा जाता हैं। उनका पूरा नाम डॉ. भीमराव रामजी अम्बेडकर (Dr. Bhimrao Ramji Ambedkar) है। 14 अप्रैल, 1891 को जन्मे डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर ने एक अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक के रूप में प्रमुख भूमिका निभाई। अम्बेडकर ने निचली जाति और अछूतों के विकास और उत्थान के लिए संघर्ष किया। 31 मार्च 1990 में उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया। 06 दिसंबर 1956 को उनकी मृत्यु हुई थी। हर वर्ष 06 दिसंबर को उनकी पुण्यतिथि को महापरिनिर्वाण दिवस के रूप में मनाया जाता है।
आपको बता दें कि डॉ. अम्बेडकर ने कई सालों तक बौद्ध धर्म का अध्ययन किया और 14 अक्टूबर 1956 को उन्होंने बौद्ध धर्म अपना लिया। उनकी मृत्यु के बाद उनका अंतिम संस्कार भी बौद्ध धर्म के नियमों के अनुसार ही किया गया था। मुंबई के दादर चौपाटी में जिस स्थान डॉ. अम्बेडकर का अंतिम संस्कार किया गया था, उसे अब चैत्य भूमि के रूप में जाना जाता है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) ने संसद भवन परिसर में महापरिनिर्वाण दिवस पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला भी मौजूद रहे।