जेएनयू कैंपस में मिला शव

राजधानी दिल्ली (Delhi) के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में एक अज्ञात शख्स का शव मिला। दरअसल यहाँ कैंपस परिसर (campus) में पेड़ से लटका एक शव मिला है। यह जानकारी पुलिस ने दी है। उन्होंने बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे पुलिस को शव के बारे में सूचित किया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने मौके का मुआयना किया और जंगल क्षेत्र में एक पेड़ से लटकता हुआ शव अत्यधिक क्षत-विक्षत अवस्था में पाया। उन्होंने कहा कि पीड़ित की उम्र 40-45 साल की है।

पुलिस ने कहा कि मौके पर क्राइम व फॉरेंसिक टीम को जाँच के लिए बुलाया गया है। इस शव की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। वहीं शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, युवक की कुछ दिन पहले मौत हुई है। विश्वविद्यालय के अनुसार, ऐसा लगता है कि शव जेएनयू के किसी व्यक्ति का नहीं है। शव यमुना छात्रावास के पास जंगल में मिला था। कुछ छात्र जंगल में टहलने गए थे, जहाँ उन्होंने एक दुर्गंध महसूस की और फिर ऑथॉरिटी को अलर्ट किया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस इस मामले की जाँच आगे कर रही है।