रूस ने यूक्रेन के सैन्य बेस को बनाया निशाना, 70 यूक्रेनी सैनिकों की मौत

रूस (Russia) और यूक्रेन के बीच जंग (Ukraine War) जारी है। मंगलवार को रूसी तोपखाने ने ओख्तिरका में एक सैन्य इकाई पर गोलाबारी की, जिसमें कम से कम 70 यूक्रेनी सैनिकों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने इसे अब तक का सबसे खतरनाक रूसी हमला बताया है। रूस और यूक्रेन के बीच 24 फरवरी से जंग चल रही है। रूस की सेना शुरू से ही यूक्रेन के सैन्य ठिकानों को निशाना बना रही है।

जानकारी के मुताबिक, रूसी सेना तेजी से कीव की तरफ बढ़ रही है। यूक्रेन की राजधानी कीव पर कब्जे के लिए रूस की तरफ से अब बेहद बड़ा मिलिट्री काफिला भेजा गया है। रूस का 40 मील (64 किलोमीटर) लंबा काफिला कीव की तरफ बढ़ रहा है। रूसी हमले के बाद से अबतक यूक्रेन की तरफ भेजा गया यह सबसे लंबा मिलिट्री काफिला है। इससे पहले तक भेजे गए रूसी काफिलों का साइज 3 मील तक रहा था।