कल लता मंगेशकर जी (Lata Mangeshkar) का निधन हो गया। भारत रत्न (Bharat Ratna) से सम्मानित लता दीदी रविवार की सुबह 8.12 बजे मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर आते ही देश-विदेश में शोक की लहर फैल गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) गोवा में अपनी रैली रद कर करीब साढ़े छह बजे उन्हें अंतिम विदाई देने शिवाजी पार्क पहुंचे। वहाँ उन्होंने पुष्पचक्र अर्पित कर हाथ जोड़कर लता के पार्थिव शरीर की परिक्रमा करते हुए उन्हें नमन किया। इस दौरान राजनीति, खेल, मनोरंजन जगत सहित कई क्षेत्र के लोग लता जी की इस अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
मुंबई के शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान उनकी बहनें उषा, आशा, मीना मौजूद थीं। देश-भर के लोगों की आंखे नम कर भारत रत्न लता मंगेशकर हमेशा के लिए अनंत में विलीन हो गईं। लता जी के भाई हृदयनाथ मंगेशकर ने उन्हें मुखाग्नि दी। पंचतत्व में विलीन हुईं लता मंगेशकर, मुंबई के शिवाजी पार्क में लता जी को उनके भाई ने मुखाग्नि दी। उनके निधन पर केंद्र सरकार की ओर से दो दिन के राष्ट्रीय शोक और महाराष्ट्र सरकार की तरफ से एक दिन के राजकीय अवकाश की घोषणा की गई है। कई राज्य सरकारों ने उनके निधन पर दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।