
पश्चिम बंगाल (West Bengal) में दक्षिण 24 परगना जिले (South 24 Parganas District) में आज सुबह एक रिहायशी इमारत में भीषण विस्फोट (horrific explosion) हो गया। इस हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस के अनुसार, घर के मालिक ने पटाखे बनाने के लिए बड़ी मात्रा में अवैध विस्फोटकों का ढेर लगाया था, जिसके कारण विस्फोट हुआ। इस हादसे में आशिम मंडल और उनके दो कर्मचारी अतिथि हाल्दार और काकोली मिधे मंडल मारे गए हैं। रिश्ते में ये सभी मामा, भांजा और मामी हैं।
जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब 8 बजे भयानक विस्फोट की आवाज से लोग जाग गए। जिसके कारण आस-पास के इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आशिम मंडल पिछले 10 साल से मोहल्ले में अवैध पटाखा फैक्ट्री चला रहा था। एक स्थानीय निवासी ने कहा- ये एक रिहायशी इलाका है और हमें डर था कि इस तरह का विस्फोट हो सकता है। हमने उनसे कई बार अनुरोध किया और पुलिस को भी सूचित किया, लेकिन कुछ नहीं हुआ। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।