
बॉलीवुड इंडस्ट्री (bollywood industry) के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार (Actor Dilip Kumar) के निधन को अभी 10 दिन भी नहीं पूरे हुए थे कि, इंडस्ट्री से एक और हिला देने वाली खबर सामने आई है। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री सुरेखा सीकरी (Surekha Sikri) का 75 वर्ष की आयु में हृदय गति रुकने से निधन हो गया है। इसकी जानकारी उनके मैनेजर ने दी। उन्होंने कहा वह कई महीनों से अस्वस्थ थीं और 2020 में उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ था। उनका निधन आज सुबह हृदय गति रुकने की वजह से हो गया। वह ब्रेन स्ट्रोक से उत्पन्न जटिलताओं से पीड़ित थीं।
सुरेखा सीकरी फिल्म ‘किस्सा कुर्सी का’ के साथ 1978 में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने ‘तमस’ (1988), ‘मम्मो’ (1995) और ‘बधाई हो’ (2018) में अपनी भूमिकाओं के लिए तीन बार सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी जीता। उन्होंने प्राइमटाइम सोप ‘बालिका वधू’ में अपने प्रदर्शन के लिए प्रसिद्धि प्राप्त की। आयुष्मान खुराना-स्टारर ‘बधाई हो’ में उनके प्रदर्शन ने काफी प्रशंसा प्राप्त की और उम्मीद जताई जा रही थी कि, इस फिल्म से वह अपने करियर में वापसी करने वाली हैं।