भारत-पाकिस्तान के बीच नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी नहीं करने को लेकर समझौता

भारत और पाकिस्तान (India and Pakistan) दोनों देश अब नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी नहीं करने पर तैयार हो गए हैं (agree for No firing on LOC)। दोनों देशों के बीच इसके लिए एक बार फिर से समझौता हुआ है। इससे पहले 2003 में युद्धविराम समझौता हुआ था। पाकिस्तान लगातार इस समझौते का उल्लंघन करता आ रहा है, लेकिन अब एक बार फिर से इसे नए सिरे से लागू करने पर दोनों देश राजी हो गए हैं। भारत की सख्ती के चलते चीन के बाद अब पाकिस्तान भी भारत के साथ समझौता करने को तैयार हो गया है।

भारत-पाकिस्तान के बीच युद्धविराम के लिए नए सिरे से एक बार फिर समझौता हुआ है। इस पर 24-25 फरवरी की मध्यरात्रि से अमल करना शुरू कर दिया जाएगा। कल दोनों देशों के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन (डीजीएमओ) के बीच बातचीत हुई थी, जिसमें युद्धविराम के इस समझौते पर सहमति बन सकी है। भारत की ओर से डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल परमजीत सिंह संघा तथा पाकिस्तान की ओर से डीजीएमओ मेजर जनरल नुमान जकरिया ने एक दूसरे से फोन पर बात की।

बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच 2003 में भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति जनरल परवेज़ मुशर्रफ के बीच युद्धविराम का समझौता हुआ था। भारत ने तो इसे मान लिया लेकिन पाकिस्तान लगातार इसका उल्लंघन करता रहा। अब देखना होगा कि इस बार कब तक वह इस पर कायम रह पाता है।