उन्नाव कांड में जिंदा बची तीसरी लड़की को आया होश

उन्नाव कांड (Unnao case) में जिंदा बची तीसरी लड़की को होश आ गया है (Third girl alive now conscious)। कल रात होश होने के बाद न्यायाधीश की मौजूदगी में पुलिस ने उस लड़की का पूरा बयान दर्ज कर लिया है। उसने बताया कि कैसे यह पूरा हादसा हुआ और इसके पीछे कौन था।

मालूम हो कि 7 फरवरी की शाम को उन्नाव के असोहा थाना क्षेत्र के बबुरहा गांव की तीन लड़कियां जानवरों के लिए चारा लेने निकली थीं। जब काफी देर तक वे घर नहीं पहुंचीं तो उनके परिजनों ने खोजबीन करना शुरू की। इसके बाद तीनों लड़कियां एक खेत में पड़ी मिलीं। इनमें से दो की मौत हो चुकी थी, जबकि तीसरी बेहोशी की हालत में थी। उसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कल रात उसे होश आ गया।

पुलिस के अनुसार, इस लड़की ने अपने बयान में बताया है कि विनय और उसका एक दोस्त घटना वाले दिन खेत में आए थे। उस समय वे तीनों लड़कियां खेत में चारा इकट्ठा कर रही थीं। विनय ने उन्हें कुछ खाने के लिए कहा, जिसे उन्होंने लेने से मना कर दिया। इसके बाद विनय ने उन्हें पानी दिया जिसे पीते ही वे तीनों बेहोश हो गईं। लड़की ने किसी के साथ किसी भी तरह के यौन उत्पीड़न से इंकार किया है।

पुलिस के अनुसार, यह एकतरफा प्यार का मामला है। विनय इनमें से एक लड़की से प्यार करता था। लड़की के मना करने के बाद विनय ने यह साजिश रची थी। विनय ने उन तीनों लड़कियों को पानी में कीटनाशक मिलाकर पिलाया था, जिसके कारण दो लड़कियों की मौत हो गई थी। पुलिस इस मामले में विनय और उसके साथी को गिरफ्तार कर चुकी है।