
आज मौनी अमावस्या (Mauni Amavasya) है। माघ महीने के कृष्ण पक्ष में पड़ने वाली अमावस्या को मौनी अमावस्या, माघ अमावस्या (Magha Amavasya) और थाई अमावसाई भी कहा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु (Lord Vishnu) के साथ पीपल के पेड़ की पूजा की जाती है। मौनी अमावस्या के दिन मौन रहने और कटु शब्दों को न बोलने से मुनि पद की प्राप्ति होती है।
कहा जाता है कि इस दिन गंगा का जल अमृत के समान हो जाता है। मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान अद्भुत पुण्य प्रदान करता है। हिंदू धर्म में इस अमावस्या का विशेष महत्व माना गया है। आज के दिन गंगा स्नान के पश्चात तिल, तिल के लड्डू, तिल का तेल, आंवला, कंबल, वस्त्र, अंजन, दर्पण, स्वर्ण और दूध देने वाली गाय का दान करना ज्यादा फलदायी रहता है। अमावस्या की तिथि पितरों को समर्पित मानी गई है। इस दिन पितरों को याद किया जाता है तथा उन्हें प्रसन्न करने के लिए पूजा-पाठ और दान-पुण्य किया जाता है। पितरों के प्रसन्न होने से जीवन में धन, नौकरी, व्यापार और सेहत संबंधी समस्याओं को दूर करने में मदद मिलती है।