26 जनवरी पर हुई हिंसा के मामले में इकबाल सिंह भी गिरफ्तार

26 जनवरी को दिल्ली में किसान ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा को फैलाने में (Violence in Delhi on 26 January) एक और आरोपी इकबाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है (Iqbal Singh arrested)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कल रात पंजाब के होशियारपुर से इकबाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसे पकड़ने के लिए 50,000 रुपये का ईनाम भी घोषित किया गया था।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, इकबाल सिंह पंजाब के लुधियाना का रहने वाला है। उस पर 26 जनवरी के दिन लाल किले पर लोगों को उकसाने और हिंसा फैलाने का आरोप है। पुलिस द्वारा जारी एक वीडियो में यह देखा गया कि इकबाल सिंह 26 जनवरी को लाल किले पर लोगों को भड़काते हुए कह रहा था, ‘टाप जाओ बब्बर शेरों’। अब पुलिस इकबाल सिंह को अदालत में पेश करेगी।

इससे पहले गिरफ्तार किए गए पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू को कल दिल्ली की तीस हजारी अदालत में पेश किया गया, जहां उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है। अब पुलिस उससे कड़ी पूछताछ कर रही है, जिससे हिंसा में शामिल और लोगों को पकड़ा जाएगा।