
देश में कोरोना के कुल सक्रिय मामलों की संख्या अब सिर्फ 1.55 लाख ही रह गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय (Ministry of Health) के मुताबिक, बीते 24 घंटों में कोरोना के 12,899 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कोरोना के कुल मामलों की संख्या 1,07,90,183 हो गई है। इसी दौरान 107 लोगों की मौत भी हुई है, जिसके बाद कुल मौतों की संख्या 1,54,703 हो गई है। वहीं अब मौजूदा सक्रिय मामलों की संख्या 1,55,025 रह गई है। अब तक 1,04,80,455 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। देश में मरीजों के ठीक होने की दर 97.13 प्रतिशत है, तो वहीं मृत्यु दर 1.43 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
देश में कल सुबह तक 41 लाख से ज्यादा लोगों को कोरोना के टीके (Corona vaccines) लगाए गए। भारत तेज गति से यह टीकाकरण जारी रखेगा। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि कोरोना के खिलाफ भारत की लड़ाई को अन्य मोर्चों पर भी सफलता मिल रही है। पिछले 24 घंटे में अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मिजोरम, नागालैंड, लक्षद्वीप, लद्दाख, सिक्किम, मणिपुर, पुडुचेरी, गोवा, ओडिशा और असम समेत 14 राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों में कोरोना संक्रमण की वजह से किसी भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है।