यमुना एक्सप्रेस वे पर भीषण सड़क हादसा, 1 की मौत

आज यमुना एक्सप्रेस वे (Yamuna Express way) पर एक भीषण सड़क हादसा (Road Accident) हो गया। इस हादसे में 12 लोग घायल हो गए, जबकि एक की मौत हो गई। यह हादसा आज सुबह बलदेव पुलिस स्‍टेशन क्षेत्र के नजदीक घने कोहरे की वजह से हुआ। कम दृश्यता (Low Visibility) के कारण एक मैक्‍स पिकअप गाड़ी पलट गई, जिसके बाद वॉल्वो बस उससे जा टकराई। यह बस यात्रियों को लेकर नोएडा से आगरा जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य में जुट गई। यह हादसा थाना बलदेव क्षेत्र के 135-136 माइल स्टोन के बीच हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आपको बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे की वजह से आज सुबह-सुबह काम पर निकलने वालों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। कोहरे की वजह से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कई जगह दृश्यता 10 मीटर से भी कम रही। कार चालक फॉग लाइट और पार्किंग लाइट के सहारे धीरे-धीरे आगे बढ़ते नजर आए।

भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर भारत में ठंड की स्थिति को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। अभी पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, गुरुग्राम, हापुड़, नोएडा, दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ेगी और सर्द हवाएं परेशानी बढ़ाएंगी।