एमडीएच के मालिक महाशय धर्मपाल गुलाटी का निधन

मसालों के शहंशाह (King of Spices) एमडीएच के मालिक (Owner of MDH) महाशय धर्मपाल गुलाटी का निधन हो गया है (Death of Mahashya Dharmpal Gulati)। आज सुबह 5 बजकर 38 मिनट पर उनकी दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई। उनका अंतिम संस्कार दोपहर 2 बजे किया जाएगा। वे 98 वर्ष के थे तथा पिछले कई दिनों से बीमार थे। वे एमडीएच ग्रुप के ही माता चन्नन देवी अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन पर गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित कई बड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया है।

महाशय धर्मपाल गुलाटी का जन्म 27 मार्च, 1923 को सियालकोट में हुआ था, जो अब पाकिस्तान में है। 5वीं कक्षा तक पढ़ने के बाद उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी थी। इसके बाद उन्होंने अपने पिता के साथ 1937 में व्यापार करना शुरू कर दिया। कई चीजों का व्यापार करने के बाद उन्होंने मसाले बनाने शुरू किए। धीरे-धीरे उनका काम ऐसा चला कि आज दुनिया उन्हें मसालों के शहंशाह के नाम से जानती है। इसके साथ ही उन्होंने स्कूल, अस्पताल बनवाए तथा अन्य सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़ कर भाग लिया।