कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का निधन

आज सुबह कांग्रेस (Congress) के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल (Ahmed Patel) का निधन हो गया। वे गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती थे। आज सुबह साढ़े तीन बजे उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली। अहमद पटेल पिछले महीने ही कोरोना (Corona) से संक्रमित पाए गए थे। उनकी उम्र 71 वर्ष थी। उन्होंने एक अक्टूबर को ट्वीट किया था कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। अहमद पटेल के निधन की जानकारी उनके बेटे फैसल पटेल ने ट्वीट करके दी। उनके बेटे ने लिखा कि बहुत दुख के साथ यह सूचना दी जा रही है कि आखिरकार मेरे पिता अहमद पटेल का आज रात 3:30 बजे देहावसान हो गया। उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। अल्लाह उन्हें जन्नत में जगह दे।

उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि अहमद पटेल जी का निधन दुखद है। उन्होंने कई साल सार्वजनिक जीवन में बिताए और समाज की सेवा की। उनके तेज दिमाग और कांग्रेस को मजबूत करने में उनकी भूमिका के लिए उन्हें सदा याद किया जाएगा। उन्होंने अहमद पटेल के बेटे फैसल से बात की और संवेदना व्यक्त की।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Congress General Secretary Priyanka Gandhi) ने अहमद पटेल के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने ट्वीट किया कि ”अहमद जी न केवल एक ऐसे बुद्धिमान और अनुभवी सहकर्मी थे, जिनसे मैं लगातार सलाह और परामर्श लेती थी, बल्कि वे एक दोस्त भी थे। वे हम सभी के साथ खड़े रहे तथा दृढ़, निष्ठावान और अंत तक भरोसेमंद रहे। उनके निधन से एक विशाल शून्य आ गया है। उनकी आत्मा को शांति मिले।”