बिहार में बाढ़ से 14 जिले प्रभावित

बिहार में लगातार बारिश (Rain in Bihar) के बाद अब बाढ़ का कहर बढ़ता ही जा रहा है। बिहार के 14 जिलों (14 Districts) में करीब 56 लाख से ज्यादा लोग इस बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, प्रदेश के 14 जिलों सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, खगडिया, सारण, समस्तीपुर, सिवान और मधुबनी में बाढ़ का कहर देखने को मिल रहा है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में अगले दो दिनों में जोरदार बारिश हो सकती है। दक्षिण पूर्वी बिहार में भारी बारिश का अनुमान है।

बिहार में प्रलयकारी बाढ़ ने छपरा के कई इलाकों में काफी तबाही मचाई है। मशरक में कर्णकुदरिया गोलंबर के पास सड़क टूटने से आवागमन ठप हो गया है। यही नहीं इस इलाके में ऐसा जल सैलाब आया है कि पुलिया भी ध्वस्त हो गई। बाढ़ के तांडव से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।