कोरोनाग्रस्त दिल्ली में निगम ने लगाया नया कर

दिल्ली पहले से ही कोरोना से जूझ रही है, ऊपर से निगम ने एक नया कर लगा दिया है। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (SDMC) ने एक नया ‘प्रोफेशनल टैक्स’ (Professional Tax) लगाने की तैयारी कर ली है। इसके अलावा दूसरे करों की दर बढ़ाने को भी मंजूरी दे दी है। अब दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के अंतर्गत आने वाले पेशेवर लोग, जैसे डॉक्टर, इंजीनियर, आर्किटेक्ट, चार्टर्ड अकाउंटेंट, आदि को एक नए प्रकार का कर ‘प्रोफेशनल टैक्स’ देना होगा। जिन पेशेवरों की वार्षिक आय 6-9 लाख रुपए तक होगी, उन्हें हर साल 1,200 रूपए, 9-12 लाख रुपए तक वालों को 1,800 रूपए तथा 12 लाख या उससे अधिक वार्षिक आय वालों को सालाना 2,400 रूपए प्रोफेशनल टैक्स देना होगा।

वहीं दूसरी ओर, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने संपत्ति को खरीदने-बेचने पर लगने वाली ड्यूटी को भी 1% तक बढ़ा दिया है। इसके साथ ही अनाधिकृत कॉलोनियों में हाउस टैक्स वसूला जाएगा। निगम ने 2018 तक का हाउस टैक्स माफ कर दिया गया है, लेकिन 2019 और 2020 का सालाना हाउस टैक्स जमा करना अनिवार्य है।