पीएम मोदी ने की देश से ‘मन की बात’

आज एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने ‘मन की बात’ (Mann Ki Baat) कार्यक्रम से देश को संबोधित किया। उन्होंने करगिल विजय दिवस (Kargil Victory Day) के अवसर पर देश के सैनिकों की शहादत को याद किया।  मोदी ने कहा कि उस समय भारत पाकिस्तान से मित्रता करना चाहता था, लेकिन पाकिस्तान ने करगिल युद्ध का दुस्साहस किया। इस युद्ध में भारत के सच्चे पराक्रम की जीत हुई। करगिल का युद्ध जिन परिस्थितियों में हुआ वो भारत कभी नहीं भूल सकता। पाकिस्तान ने बड़े-बड़े मंसूबे पालकर भारत की भूमि हथियाने और अपने अपने यहां चल रहे आंतरिक कलह से ध्यान भटकाने के लिए दुस्साहस किया था। दुष्ट का स्वभाव ही होता है हर किसी से बिना वजह दुश्मनी लेना। पाकिस्तान ऐसा ही कर रहा था। भारत की मित्रता के बदले पाकिस्तान ने पीठ में छुरा घोंपने की कोशिश की थी। लेकिन इसके बाद भारत ने जो पराक्रम दिखाया वो पूरी दुनिया ने देखा। मोदी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा लालकिले से दिए गए संदेश को भी याद किया। अटल जी ने कहा था कि करगिल युद्ध ने हमें एक मंत्र दिया है, ये मंत्र था कि कोई महत्वपूर्ण निर्णय लेने से पहले हम ये सोचें कि क्या हमारा ये कदम उस सैनिक के सम्मान के अनुरूप है जिसने उन दुर्गम पहाड़ियों में अपने प्राणों की आहुति दी थी।