उत्तर-प्रदेश पुलिस के हाथ लगी एक बड़ी कामयाबी

2 जुलाई की रात उत्तर-प्रदेश के कानपुर में गैंगस्टर विकास दुबे (Gangster Vikas Dubey) और उसके साथियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई थी। इसमें पुलिस के 8 जवान शहीद हो गए थे। इस घटना के बाद विकास दुबे और उसके साथी वहां से फरार हो गए थे। पिछले तीन दिन से प्रदेश का पूरा पुलिस महकमा विकास दुबे को पकड़ने में लगा है। इस बीच पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने आज सुबह एक मुठभेड़ में विकास दुबे के एक साथी दयाशंकर अग्निहोत्री ( Dayashankar agnihotri) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दयाशंकर से पूछताछ कर रही है। इस दौरान एक बड़ा खुलासा हुआ है। दयाशंकर ने पुलिस को बताया कि जब पुलिस विकास दुबे को पकड़ने के लिए जा रही थी, तो उससे पहले ही थाने से फोन आया था और इसकी जानकारी उन्हें दे दी गई थी। लेकिन अभी तक इस बात की जानकारी नहीं मिल सकी है कि विकास दुबे को थाने से फोन किसने किया था। पुलिस अब भी विकास दुबे की तलाश में है।