आज उत्तर प्रदेश में 25 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे

आज उत्तर प्रदेश में 25 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) लखनऊ के कुकरेल से करेंगे। इसके साथ ही आज प्रदेश के 7 लाख से अधिक स्थलों पर बाकी पौधे लगाए जाएंगे। उत्तर प्रदेश सरकार ने पौधारोपण के इस महाअभियान में 27 राजकीय विभागों को लगाया है। इस महाअभियान की निगरानी जिलों में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी करेंगे। वहीं, सभी मंत्री व विधायक अपने क्षेत्रों में पौधारोपण कर इस महाअभियान का हिस्सा बनेंगे। प्रदेश की सरकार ने पिछले वर्ष में 22.59 करोड़ पौधे लगाए थे। वहीं इस बार 25 करोड पौधे लगाने का लक्ष्य है। वन विभाग ने अपनी 1,760 नर्सरियों से 25 करोड़ से अधिक औषधियों, फलदार, पर्यावरणीय, छायादार चारा प्रजाति व इमारती वाले पौधे मुफ्त दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक वन विभाग 10 हज़ार से अधिक स्थानों पर करीब 10 करोड़ पौधे रोपेगा। वहीं 26 विभाग 7 लाख स्थलों पर 15 करोड़ से अधिक पौधारोपण कराएंगे।  इस अभियान की एक खास बात है कि इसमें कुपोषण निवारण, जैव विविधता, संरक्षण, जीवामृत का उपयोग तथा गंगा व सहायक नदियों के किनारे पौधारोपण को केंद्रित किया गया है। रविवार को होने वाले इस आयोजन में वन मंत्री दारा सिंह चौहान लखनऊ में मुख्यमंत्री के साथ पौधा रोपेंगे।