टिकटॉक की जगह इन भारतीय एप्स का करें इस्तेमाल

चीनी ऐप टिकटॉक (Chinese App TikTok) के बंद हो जाने के बाद, इन भारतीय एप्स का इस्तेमाल किया जा सकता है-

चिंगारी (Chingari)

आप सब लोग चीन की टिकटॉक एप की जगह भारतीय चिंगारी ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह टिक टॉक का एक बेहतर विकल्प है। कुछ ही दिनों में इस भारतीय ऐप को 50 लाख से ज्यादा लोग डाउनलोड कर चुके हैं। टिक टॉक ऐप को बैन करने के बाद इसे डाउनलोड करने वालों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। इस ऐप को आप गूगल प्ले स्टोर से आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। इस ऐप को तैयार करने में उड़ीसा और कर्नाटक के डेवलपर्स ने छत्तीसगढ़ के आईटी प्रोफेशनल्स के साथ काम किया है। वहीं यह अंग्रेजी, हिंदी, बंगला, गुजराती, मराठी, कन्नड़, पंजाबी, मलयालम, तमिल और तेलुगू भाषा में भी उपलब्ध है।

रोपोसो (Roposo)

रोपोसो एप को गुरुग्राम के एक डेवलपर ने लॉन्च किया है। इसे एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफार्म पर उपलब्ध कराया गया है। इस ऐप पर आप वीडियो कंटेंट शेयर कर सकते हैं। इस ऐप में यूजर्स को वीडियो बनाने के साथ-साथ एडिट करने की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे आप वीडियो को और बेहतर बना सकते हैं।

मित्रों

मित्रों भी टिक टॉक का एक बेहतर विकल्प है। गूगल प्ले स्टोर ने एक बार इसे अपनी पॉलिसी का उल्लंघन करने के कारण सस्पेंड कर दिया था। लेकिन दोबारा एंट्री मिलने के बाद यह यूजर्स के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है। मित्रों ऐप को एक करोड़ यूजर डाउनलोड कर चुके हैं। इस ऐप पर आप शॉर्ट वीडियो बनाकर शेयर कर सकते हैं।

बोलो इंडिया (Bolo Indya)

बोलो इंडिया ऐप को मुंबई के एक स्टार्टअप (Startup) की ओर से लांच किया गया है। इस ऐप पर आप न्यूज़, रिलेशनशिप, इंग्लिश लर्निंग, ट्रेवल्स, फूड और ऐसे ही दूसरे विषयों से जुड़ी वीडियो को खोज सकेंगे। इस ऐप में आप अपने पसंदीदा जोन को चुनकर उससे संबंधित वीडियो का आनंद ले सकेंगे और बहुत कुछ सीख भी सकते हैं। यह हिंदी और अंग्रेजी के अतिरिक्त अन्य भाषाओं में भी उपलब्ध है।